भागलपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें कुख्यात अपराधी गुरुदेव मंडल की मौत हो गई है.

भागलपुर: नवगछिया में आधी रात को रंगरा थाना के मुरली के शीशवेल धार में एनकाउंटर किया गया है. एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी गुरुदेव मंडल उर्फ सनोज कुमार की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि कुख्यात अपराधी गुरुदेव मंडल को जब रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस और एसटीएफ ने मिलकर गुरुदेव मंडल का एनकाउंटर कर दिया.

रात एक बजे एनकाउंटर: घटना आधी रात करीब एक बजे रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली सोनैया धार के पास की है. पुलिस और कुख्यात अपराधियों के गिरोह के बीच ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई है. मृतक गुरुदेव मंडल उर्फ सनोज कुमार पूर्णिया जिला के धमदाहा थाना के हरीनकोल निवासी दशरथ मंडल का पुत्र था.

रूकने के लिए बोला तो फायरिंग: शुक्रवार की देर रात पुलिस ने अपराधी को रूकने के लिए कहा था लेकिन अपराधी ने पुलिस पर गोली चला दी. जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से मौके पर ही कुख्यात गुरुदेव मंडल ढेर हो गया. पुलिस के द्वारा मृत अपराधी के परिजनों को सूचना दी गई है.

चर्चित लूटकांड में था शामिल: पुलिस के अनुसार गुरुदेव मंडल पर एक दर्जन से अधिक मामला धमदाहा में दर्ज हैं. वर्ष 2022 में भी गुरुवार देव मंडल कंचनपुर कदवा में घायल हुआ था. 2022 में अप्रैल और मई के बीच नवगछिया में तीन बड़ी लूटपाट की घटना हुई थी. इस घटना में भी गुरुदेव मंडल उर्फ सनोज कुमार, उर्फ फूफा के गिरोह का नाम आया था, जिसमें मुख्य आरोपी गुरुदेव मंडल ही था.

साल 2022 में नवगछिया जीरोमाइल के पास गुरुदेव मंडल अपने गिरोह के साथ लूट की साजिश रच रहा था. तभी इसकी सूचना तत्कालीन नवगछिया एसपी सुशांत सरोज को मिली. जिसके बाद पुलिस ने एक तत्कालीन एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की.

एसपीडीओ पर की थी फायरिंग: पुलिस टीम जैसे ही नवगछिया जीरोमाइल के पास पहुंची तो गुरुदेव मंडल अपने अपराधियों साथ वहां से भागने लगा. पुलिस ने भी कंचनपुर कदवा तक उनका पीछा किया इस दौरान बाइक पर अपराधी बैठे थे. सभी के पास पिस्तौल था. सभी पुलिस पर फायरिंग भी करते रहे और बाइक से भाग रहे थे.

भागलपुर में कुख्यात अपराधी का एनकाउंटर
गोली लगने के बाद भी हो गया था फरार: अपराधियों द्वारा फायरिंग में तत्कालीन एसडीपीओ दिलीप कुमार बाल बाल बच गए थे. जवाब में एसडीपीओ ने फायरिंग की थी. गुरुदेव मंडल के पैर में गोली लगी थी. घायल होने के बाद भी गुरुदेव मंडल अपने साथी के साथ भागने में सफल रहा था.

दूसरी बार एनकाउंटर में ढेर: कहा जा रहा है कि यदि एसडीपीओ अपराधियों पर गोली नहीं चलाते तो एसडीपीओ को गोली लग जाती. वही एक बार फिर पुलिस की कार्रवाई हुई. शुक्रवार की रात गुरुदेव मंडल अपने गिरोह के साथ रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली सोनैया मछली धार के पास अपराधिक योजना बना रहे थे तभी पुलिस को जानकारी मिली और एनकाउंटर हुआ है.

“एनकाउंटर में कुख्यात गुरुदेव मंडल को एक गोली छाती जबकि एक गोली पेट में लगी है. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार करके शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया.”-अशुतोष कुमार, थानाध्यक्ष, रंगरा, भागलपुर