दरभंगा और सहरसा के सीमावर्ती क्षेत्र में अज्ञात महिला का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी।
दस्तक7मिडिया, बिरौल दरभंगा।
दरभंगा जिले के जमालपुर और सहरसा जिले के जलैय थाना के सीमावर्ती क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने सीमावर्ती क्षेत्र में एक महिला का शव पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना संबंधित थानों को दी। सूचना मिलते ही जमालपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तहकीकात में जुट गए।
बताया जा रहा है कि महिला का शव ऐसी जगह पर मिला है जो जमालपुर और जलैय थाना दोनों की सीमा में आता है, जिसके कारण शुरुआती दौर में क्षेत्राधिकार को लेकर थोड़ी असमंजस की स्थिति बनी। हालांकि, बाद में जमालपुर थानाध्यक्ष ने मोर्चा संभाला और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। महिला की उम्र और मौत के कारणों का भी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
फिलहाल, जमालपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों में भी गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा हो जाएगा।