सीवान में शहर के बीचों-बीच पुलिस की दबंगई का ताजा मामला सामने आया है। गुरुवार की दोपहर 3 बजे शहर के पी देवी मोड़ पर सराय थाना के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बस कंडक्टर की जमकर पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

वीडियो में थानाध्यक्ष बस कंडक्टर को जबरन थाना की गाड़ी में बैठाते नजर आ रहे हैं। साथ ही, थप्पड़-मुक्के से मारते और बाल खिंचते नजर आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस कंडक्टर गाड़ी को पीछे कर रहा था। इसी दौरान थानाध्यक्ष की गाड़ी बस के पीछे आकर रुक गई। दोनों गाड़ियों के बीच 2 सेंटीमीटर की दूरी बची थी।

रास्ता ब्लॉक होने की वजह से थानाध्यक्ष गुस्सा गए। आग-बबूला होते हुए वो गाड़ी से उतरे और उन्होंने कंडक्टर को बस से उतारकर पीटना शुरू कर दिया।

 

आरोपी के जबरदस्ती खींचकर गाड़ी में बैठाने की कोशिश करते पुलिस अधिकारी।
घटना के कारण करीब 1 घंटे तक मौके पर जाम की स्थिति बन गई। कोई गाड़ी उस लेन से निकल नहीं पाई। इससे लोगों के बीच भी आक्रोश हो गया। घटना के दौरान थानाध्यक्ष की मौजूदगी में एक अन्य व्यक्ति ने भी कंडक्टर को थप्पड़ मारा है।

थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिक सुरेश कुमार ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। वे थानाध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग न कर सके। उनका कहना है कि पुलिस पैसे के लिए आए दिन ऐसी कार्रवाई करती रहती है।

अन्य बस ड्राइवर अर्जुन कुमार ने बताया कि जो भी हुआ है, वो गलत हुआ है। अगर बस ड्राइवर और कंडक्टर की कोई गलती थी तो फाइन कीजिए, चालान काटिए। लेकिन खुलेआम सड़क पर मारना सही नहीं है और प्रशासन को इसका अधिकार भी नहीं है।

इस मामले पर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने भी फोन नहीं उठाया।