नौशेरा में सर्च ऑपरेशन के दौरान संतोष यादव शहीद हो गये. पैतृक गांव भिट्ठा में राजकीय सम्मान के साथ उनका दाह-संस्कार।
संतोष की शहादत पर रोया हर दिल
भागलपुर:जम्मू में आतंकियों से लोहा लेते हुए नौशेरा में शहीद हुए वीर सपूत संतोष यादवको उनके पैतृक गांव भिट्ठा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. शहीद संतोष के चार वर्षीय पुत्र लक्ष्य ने खेत में उनकी चिता को मुखाग्नि दी. इस दौरान हजारों की संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, और सेना के अधिकारी मौजूद रहे। शहीद की अंतिम यात्रा में “संतोष यादव अमर रहे” और “हिंदुस्तान जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे.
हर खान हो गई नम:शहीद संतोष यादव के अंतिम संस्कार में उनकी पत्नी बदहवास हालत में चिता के पास थीं. सेना के जवानों ने उन्हें सहारा देकर चिता की परिक्रमा करवाई. ये हृदय विदारक दृश्य देख हर आंख नम हो गई. इस दौरान भागलपुर का गमगीन माहौल संतोष की शहादत की गवाही दे रहा था.
शहीद संतोष की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
4 वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि:अंतिम संस्कार के दौरान शहीद संतोष के 4 वर्षीय बेटे लक्ष्य ने चिता को मुखाग्नि दी, इस दौरान शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए इलाके के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ये दुखद क्षण है, लेकिन संतोष की शहादत पर पूरे भागलपुर जिले को गर्व है. संतोष एक सर्च ऑपरेशन से लौट रहे थे जब यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई. उनकी वीरता और देशभक्ति को देश कभी नहीं भूलेगा.
4 साल के लक्ष्य ने दी पिता को मुखाग्नि
सांसद, डीएम और एसपी रहे मौजूद:शहीद संतोष यादव की बड़ी बेटी, खगड़िया सांसद राजेश वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार, और सेना के अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. गया से पहुंची जैकली रेजीमेंट की 15 सदस्यीय टीम ने तीन राउंड फायरिंग कर शहीद को सलामी दी.
जिलाधिकारी और विधायक ने दी श्रद्धांजलि:जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा, संतोष कुमार यादव सरहद पर ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए. उनका बलिदान देश हमेशा याद रखेगा. जिला प्रशासन की ओर से हमने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है. बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने कहा, भारतीय सेना पर हमें गर्व है. इस दुख की घड़ी में पूरा देश संतोष के परिवार के साथ है. उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी है. सरकार उनके परिवार के लिए हर संभव मदद करेगी.
राजकीय सम्मान के साथ शहीद संतोष यादव का अंतिम संस्कार किया गया.
‘हमारे नेता चिराग पासवान भी जल्द यहां पहुंचेंगे. शहीद की खबर मिलते ही हमने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने का निर्णय लिया. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि शहीद के परिवार का जीवन सम्मानजनक हो’.-राजेश वर्मा, सांसद, खगड़िया
शहीद के परिवार के लिए सरकार का आश्वासन:विधायक शैलेंद्र ने कहा कि सरकार आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए कटिबद्ध है और शहीद के परिवार की हरसंभव सहायता की जाएगी. आपको बता दें कि पटना में भी शहीद संतोष के पार्थिव शरीर के पहुंचने पर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, और विभिन्न दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की.
बिहार के कई बेटों ने दिया बलिदान:बता दें कि बीते कई दिनों में बिहार के कई बेटों ने देश के लिए बलिदान दिया है. शहीद संतोष यादव की शहादत ने न केवल भागलपुर, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है. उनकी वीरता और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा.
