कैमूर में भभुआ शहर के बद्री भवानी पेट्रोल पंप पर हत्या की घटना हुई थी। उसके बाद अब पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से राहत दी गई है। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने आर्थिक सहायता राशि के रूप में 4 लाख रुपये का चेक सौंपा।
मंत्री ने इस दौरान परिवार को हर माह ₹5000 की पेंशन देने की घोषणा की, साथ ही एक परिजन को नौकरी देने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने कहा कि नौकरी देने की प्रक्रिया अगले 2-3 महीनों में शुरू कर दी जाएगी ताकि परिवार को स्थायी सहायता मिल सके।
पीड़ित परिवार से मुलाकात करते मंत्री मोहम्मद जमा खान
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बद्री भवानी पेट्रोल पंप पर युवक ने पंपकर्मी को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी युवक पीड़ित की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था। जब लड़की की शादी किसी और जगह तय हुई, तो नाराज होकर युवक ने वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मंत्री जमा खान ने स्पष्ट किया कि यदि इस हत्याकांड में कोई अन्य व्यक्ति भी संलिप्त पाया गया, तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने प्रशासन से त्वरित चार्जशीट दाखिल कर सख्त सजा दिलाने की मांग की।
पीड़ित परिवार को न्याय और सहयोग का भरोसा
मंत्री जमा खान ने कहा, “यह सिर्फ एक हत्या नहीं, एक परिवार की जिंदगी उजड़ने की घटना है। सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। हम हर संभव मदद देंगे, ताकि वे फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।”
