सुपौल में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई. इसमें एक युवक भी शामिल है, जिसकी पत्नी गर्भवती है.
सुपौल में वज्रपात का कहर
सुपौल : बिहार के सुपौल में वज्रपात का कहर देखने को मिला है. जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो व्यक्ति की मौत हो गई है. घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है.
वज्रपात की चपेट में आने से युवक की मौत : पहली घटना त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नं 8 गणेशपुर मलहनवा गांव में घटी. जहां आंधी के साथ बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से 22 वर्षीय एक युवक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई. घटना की सूचना पर पहुंचे थाना पुलिस ने शव को कागजी प्रक्रिया पूरा करते पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया.
शौच करके लौटने के दौरान हादसा :मिली जानकारी के अनुसार, नगर परिषद त्रिवेणीगंज क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नं 8 गांव निवासी कामेश्वर ठाकुर के 22 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार घर से कुछ ही दूरी पर स्थित नदी की तरफ शौच करने गया था. शौच के बाद वह वापस घर आ रहा था. घर से करीब 2 सौ मीटर दूर ही था कि उसी दौरान आंधी बारिश के बीच हुए वज्रपात की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
कश्मीर के शोपिया में करता था मजदूरी : घर में मृतक की पत्नी रूपा देवी के अपने पति के शव से लिपटकर रोने बिलखने एवं करुण क्रंदन से माहौल गमगीन बना है. वहीं पिता कामेश्वर ठाकुर, माता रीता देवी समेत परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के लोगों ने बताया कि रूपेश की शादी तीन साल पूर्व हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है. वह कश्मीर के शोपिया जिले में मजदूरी करता था. बीते 14 मई को ही वह घर आया था.
”नगर परिषद त्रिवेणीगंज क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नं 8 गणेशपुर मलहनवा निवासी रूपेश कुमार की मौत वज्रपात से होने की जानकारी मिली है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद 24 घंटे में मुआवजे की राशि दे दी जाएगी.”- प्रियंका सिंह, अंचलाधिकारी
दूध लाने गए और हो गई मौत :दूसरी घटना करजाइन थाना क्षेत्र के बौराहा पंचायत वार्ड नंबर-4 में घटित हुई. जहां ठनका की चपेट में आने से 57 वर्षीय मो मुस्तुफ की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक पेशे से राज मिस्त्री था. मृतक अपने पीछे पत्नी रमजीना खातुन, चार बेटे व दो बेटियों को छोड़ गया है. परिजनों ने बताया कि वह हर दिन की भांति मंगलवार को भी घर से दूध लाने घर से बाहर निकला था. तभी अचानक आकाशीय बिजली के गिरने से उसकी मौत हो गई.
परिवार वालों ने पोस्टमॉर्टम कराने से किया इंकार : घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. मो. मुस्तुफ की मौत से परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक मेहनत मजदूरी कर परिजनों का भरण पोषण करता था. उनके मौत से परिजनों पर आर्थिक संकट मंडराने लगा है. वहीं मृतक की पत्नी रमजीना खातून व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. करजाईन थानाध्यक्ष लाल जी प्रसाद ने बताया कि ”मृतक के परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार किया है.”
