किशनगंज में भारत-नेपाल सीमा के पास SSB और सुखानी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान बांग्लादेश निवासी बादशाह मियां के बेटे शफीकुल इस्लाम (32) और उनकी पत्नी परी खातून (25) के रूप में हुई है।

दोनों के पास से मोबाइल फोन, चार्जर, कपड़े और परी खातून का एक फर्जी भारतीय आधार कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस को 19 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध बांग्लादेशी दंपती सीमा स्तंभ संख्या 119/01 के रास्ते भारत से नेपाल जाने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर एसएसबी और सुखानी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम गठित की। टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 117/01 के पास पहुंचकर निगरानी शुरू की। इस दौरान कादोगांव की ओर से दो संदिग्ध व्यक्ति सीमा की ओर आते दिखे।

महिला के पास मिले फर्जी आधार कार्ड

पुलिस बल को देखकर दोनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस और एसएसबी ने उन्हें दबोच लिया। दोनों से भारत में रहने के लिए वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके। पुलिस ने परी खातून के पास मिले आधार कार्ड को जांच में फर्जी पाया।

सीमा पर निगरानी सख्त करने के निर्देश

इस मामले में सुखानी थाना में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस और एसएसबी की इस संयुक्त कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में अवैध घुसपैठ पर नकेल कसने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने सीमा पर निगरानी और सख्त करने के निर्देश दिए हैं।