महिला संवाद से आ रही हें जागरूकता ,खुले मन से अनुभव और समस्याएं कर रही हें साझा।

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम ने महिलाओं,किशोरियों और पुरुषों के बीच नई जागरूकता और भागीदारी का वातावरण तैयार किया।

कार्यक्रम में सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
गांव-गांव में हुए संवाद के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी समस्याएं,अनुभव और समाधान के सुझाव खुले मन से साझा किए। इन विचारों को संकलित कर आगे की कार्ययोजना में शामिल किया जा रहा है।
सिंहवाड़ा प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम में डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने भाग लिया। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और पुरुषों के साथ बराबरी से काम कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं की सक्रियता और नेतृत्व क्षमता की सराहना की।

संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया जीविका का अपना बैंक खोले जाने की घोषणा से दरभंगा में जीविका से जुड़ी लाखों महिलाओं में अपार खुशी देखने को मिल रही है।

उन्होंने सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह कदम महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और बैंकिंग प्रक्रियाओं को आसान बनाने में सहायक होगा। इस घोषणा से जीविका दीदियों में गौरव और आत्मविश्वास की भावना प्रकट हुई।

महिलाओं ने अपने जीवन में आई सकारात्मक बदलावओं को साझा करते हुए बताया कि सरकार की योजनाओं के कारण उन्हें न केवल आर्थिक मजबूती मिली है,बल्कि सामाजिक सम्मान और पहचान भी हासिल हुई है।
उन्होंने यह भी बताया कि अब वे निडर होकर बाहर निकलती हैं, स्वरोजगार से जुड़ गई हैं और बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दे रही हैं।
*किशोरियों ने बताया कि पोशाक और साइकिल योजनाओं ने उन्हें स्कूल आने-जाने में सुविधा प्रदान की है।

कार्यक्रम ने ग्रामीण महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान किया है जहाँ वे न केवल योजनाओं से जुड़ी जानकारी पा रही हैं,बल्कि आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।


यह पहल महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर भी प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम में महिलाओं ने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सुझाव दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए मोबाइल हेल्थ यूनिट, टेलीमेडिसिन और आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से सेवाएं सुलभ कराई जा सकती हैं। साथ ही,महिला समूहों और स्कूलों में नियमित स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम चलाए जाने की आवश्यकता है ताकि महिलाएं अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे सकें और मानसिक रूप से भी सशक्त बनें।
महिला संवाद कार्यक्रम ने न केवल योजनाओं की जानकारी दी, बल्कि महिलाओं को अपनी बात रखने,जागरूक होने और सामुदायिक नेतृत्व में भाग लेने का अवसर भी दिया। यह पहल महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावशाली कदम साबित हो रही है।

दरभंगा जिले के 18 प्रखंडों में 25 महिला संवाद रथ गाँव-गाँव जाकर योजनाओं से संबंधित जानकारी पहुँचा रहे हैं। इन रथों में ऑडियो संदेश, वीडियो फिल्में जैसे माध्यमों से सरल भाषा में जानकारी दी जा रही है। एलईडी स्क्रीन पर योजनाओं से संबंधित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे महिलाएं योजनाओं की जानकारी सहज रूप से समझ सकें।
कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षण नीति,मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना,छात्रवृत्ति योजना,मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री नारीशक्ति योजना,सतत जीविकोपार्जन योजना, जीविका योजना और बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना जैसी प्रमुख योजनाओं की जानकारी पम्पलेट्स और लीफलेट्स के माध्यम से दी गई,सामग्रियों को इस तरह तैयार किया गया है कि महिलाएं स्वयं आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठा सकें।