किशनगंज के दिघलबैंक थाना क्षेत्र में एसएसबी 12वीं वाहिनी ने एक नेपाली नागरिक को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। सीमा चौकी कजला में तैनात जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष नाका लगाया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नेपाल के झापा जिले के निवासी मुर्वी बहादुर विश्वकर्मा (40) के रूप में हुई है।
वह नेपाली पल्सर बाइक से कजला चौक की तरफ आ रहा था। तलाशी में बाइक से 27.29 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक तराजू से मादक पदार्थ की मात्रा की पुष्टि की गई। आरोपी के पास से मोबाइल फोन, घड़ी, नेपाली और भारतीय मुद्रा, खुकरी ब्रांड सिगरेट, ईयर बड्स, बाइक की ऑनर बुक, नागरिकता प्रमाणपत्र और एक काला पर्स बरामद हुआ।
उप-निरीक्षक ललित के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में दिघलबैंक थाने के पुलिस उप-निरीक्षक विक्रम कुमार और सहायक उप-निरीक्षक जय राम बिंद भी शामिल थे। आरोपी को कजला कैंप लाया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रशासन को आशंका है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट से जुड़ा हो सकता है। इस संबंध में जांच जारी है।
