सुपौल में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। शव की स्थिति संदिग्ध मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस आत्महत्या की भी जांच कर रही है। घटना भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराखुर्द पंचायत के वार्ड 7 से सामने आई है।
मृतक की पहचान विन्देश्वरी शर्मा के 35 वर्षीय बेटे संतोष शर्मा के रूप में हुई है। वह पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा पंचायत वार्ड 7 में रहता था।
शव मिलने के बाद परिजनों में मातम का माहौल
गले में नायलॉन की रस्सी बंधी मिली
सूचना मिलते ही भपटियाही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। जांच के दौरान मृतक के गले में नायलॉन की रस्सी बंधी पाई गई। शरीर में गहरे जख्म के निशान भी मिले, जिससे मौत को लेकर संदेह और गहरा गया है।
ससुराल में दे रहा था आत्महत्या की धमकी
परिजनों के अनुसार, मृतक की पत्नी सुनीता देवी करीब 15 दिन पहले अपने 10 वर्षीय बेटे विवेक के साथ ससुराल छोड़कर मायके आ गई थी। सुनीता ने ससुराल में मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया। उसने बताया कि दो दिन पहले उसका पति संतोष मायके आया था और उसके पास नायलॉन की रस्सी भी थी। वह लगातार आत्महत्या की धमकी दे रहा था।
परिवार में मचा कोहराम
संतोष पेशे से एक गैराज संचालक था और पिपरा के थुमहा में काम करता था। अपने पीछे वह पत्नी सुनीता देवी, 12 वर्षीय बेटी काजल और 10 वर्षीय बेटा विवेक को छोड़ गया है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
भपटियाही थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
