सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बिहार में बड़ी पहल:9 से 14 साल की बेटियों को मिलेगा मुफ्त टीका, कटिहार में 22 करोड़ की स्वास्थ्य योजनाएं शुरू।

स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडे का कटिहार दौरा
स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडे का कटिहार दौरा
बिहार सरकार ने महिलाओं की जानलेवा बीमारी सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडे ने मंगलवार को कटिहार पहुंचे। यहां फलका में 22 करोड़ 32 लाख की स्वास्थ्य परियोजनाओं का उन्होंने उद्घाटन और शिलान्यास किया।

इन योजनाओं में 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 34 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, और हेल्थ सब-सेंटर का निर्माण शामिल है।

स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडे ने मंगलवार को पहुंचे कटिहार
बेटियों को मिलेगा मुफ्त सर्वाइकल कैंसर टीका

मंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। मंगल पांडे ने कहा, ” सर्वाइकल कैंसर टीका, एक महंगा टीका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार पहला राज्य बना है, जो इसे पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध करा रहा है।”

हर 100 में से 17 महिलाएं सर्वाइकल कैंसर से पीड़ित होती हैं। इससे बचाव के लिए 9 से 14 वर्ष की आयु वर्ग की लड़कियों को 6-6 महीने के अंतराल में दो डोज का टीका मुफ्त दिया जाएगा। – मंगल पांडे, स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री, बिहार

 

स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार का दावा

मंत्री ने बताया कि सभी सदर अस्पतालों में टीके पहुंचा दिए गए हैं, और अभियान जल्द शुरू होगा। इस योजना के माध्यम से कैंसर से जीवन भर की सुरक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता बढ़ाई गई है। स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी तेज की गई है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, टीकाकरण और अन्य कल्याणकारी योजनाओं को भी सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है।

स्वास्थ्य परियोजनाओं का मंत्री मंगल पांडे ने उद्घाटन और शिलान्यास किया
पाकिस्तान पर तीखा हमला, सेना का किया समर्थन

फलका की सभा में स्वास्थ्य मंत्री ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान कभी नहीं सुधरेगा, इसलिए प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर स्थगित किया है, समाप्त नहीं। हमारे सैनिक सीमा पर तैनात हैं और हर जवाब देने को तैयार हैं।”

सभा के दौरान लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ के नारे लगाए।