बुआलदह पंचायत में महिला संवाद कार्यक्रम हुआ। इसमें कई पंचायतों की युवतियों और महिलाओं ने अपनी बात रखी। कोचाधामन की सावित्री कुमारी ने कहा कि वह बिहार पुलिस में जाना चाहती हैं।

 

इस साल इंटर पास की है। अब तैयारी में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर स्टेडियम बनना चाहिए। इससे ग्रामीण किशोरों को खेल और एथलेटिक्स में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। लड़कियों को सुरक्षित माहौल मिलेगा। बुआलदह पंचायत की लवली ने कहा कि वह टीचर बनना चाहती हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर है। संसाधनों की कमी के कारण सीमित किताबें ही खरीद पाते हैं।

 

गांव–पंचायतों में लाइब्रेरी होनी चाहिए। इससे कोर्स और प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी बेहतर होगी। उन्होंने सरकार से प्रखंड स्तर पर प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के लिए संस्थागत प्रयास की मांग की। बहादुरगंज प्रखंड के बनगामा पंचायत की अफरोजा बेगम ने अस्पतालों में सुविधाएँ बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे डॉक्टर, ब्लड बैंक और सभी तरह की जांच की व्यवस्था होनी चाहिए। इससे ग्रामीण मरीजों को राहत मिलेगी।

महिला संवाद में शामिल अधिकतर महिलाओं ने जन वितरण प्रणाली से मिलने वाले राशन की मात्रा बढ़ाने की मांग की। वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन की राशि बढ़ाने की बात कही। आवास, छात्रवृत्ति, पोशाक और साइकिल योजना की राशि बढ़ाने की भी मांग की। साथ ही स्थानीय स्तर पर सड़क, गली और नाली की समस्या को भी मजबूती से उठाया।