कुशेश्वरस्थान की बेटी राधिका ने लहराया सफलता का परचम, सीबीएसई 12वीं में कॉमर्स संकाय में प्राप्त किए 98.6% अंक।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता दरभंगा

बिरौल अनुमंडल अंतर्गत कुशेश्वरस्थान पूर्वी नगर पंचायत निवासी मनीष कुमार कनोडिया और पत्नी श्वेता कनोडिया की सुपुत्री राधिका कनोडिया ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) की 12वीं कक्षा की कॉमर्स संकाय की परीक्षा में शानदार 98.6% अंक प्राप्त किए हैं। राधिका ने यह उल्लेखनीय सफलता उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित सनबीम सनसिटी बच्चन आरडी स्कूल, वाराणसी में शिक्षा ग्रहण करते हुए हासिल की है, जिससे उन्होंने न केवल अपने गांव बल्कि पूरे प्रखंड का नाम रोशन किया है।
अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए, राधिका ने 12वीं की परीक्षा में अंग्रेजी में 95 अंक, अर्थशास्त्र (इकोनॉमिक्स) में 98 अंक और व्यवसाय अध्ययन (बिजनेस स्टडीज), लेखाशास्त्र (अकाउंटेंसी) एवं अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए कथक नृत्य में पूरे 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं। इस शानदार उपलब्धि के लिए राधिका ने अपने माता-पिता और शिक्षकों को हार्दिक धन्यवाद दिया है, जिन्होंने उनकी इस यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राधिका ने भविष्य में एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनने की अपनी महत्वाकांक्षा भी व्यक्त की है। पिता मनीष कनोडिया और मां श्र्वेता कनोडिया ने संयुक्त रूप से बताया कि राधिका सनबीम सनसिटी (स्कूल एवं हॉस्टल), वाराणसी की आवासीय छात्रा थीं और वहीं के छात्रावास में अध्ययनरत थीं, जहाँ रहकर उसने यह उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त की। विद्यालय के चेयरपर्सन डॉ. दीपक मधोक और वाइस चेयरपर्सन श्रीमती भारती मधोक ने राधिका को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राधिका की इस असाधारण सफलता पर उनके परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों ने बताया कि कुशेश्वरस्थान के लिए यह गर्व का क्षण है, जहाँ एक साधारण परिवार की बेटी ने अपनी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।