पटना के कुर्जी मोड़ स्थित नवज्योति निकेतन के सभा-कक्ष में मंगलवार को दो दिवसीय फैसिलिटेटर प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हुआ। इसमें सीतामढ़ी से नीलू श्रीवास्तव, सविंदर देवी व रागनी देवी और शिवहर से रामकुमारी देवी, रामशीला कुमारी, अंशु कुमारी, इंदु, रूबी व मेघा शामिल हुई। इन प्रतिभागियों ने बताया कि यह कार्यशाला मंत्रा 4 चेंज के बैनर तले शिक्षाग्रह अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई थी। प्रशिक्षण में मित्रा ऐप की मदद से फील्ड एक्टिविटी का ऑडियो रिकॉर्ड करने की विधि सिखाई गई।

 

समापन पर महिला फेडरेशन की नेतृत्वकर्ता को सहभागिता प्रमाण-पत्र और शिक्षा चौपाल से जुड़ा समझौता पत्र सौंपा गया। बताया गया कि शिक्षाग्रह एक जनसंचालित अभियान है। इसका उद्देश्य समुदाय, सिविल सोसाइटी और सरकार के सहयोग से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना है। 16 मई से सीतामढ़ी-शिवहर सहित राज्य में तीसरा शिक्षा चौपाल शुरू किया जा रहा है। यह चौपाल संवाद, सहयोग और समाधान का मंच है।