बिरौल-शिवनगर घाट स्टेट हाइवे पर सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, परिजनों में कोहराम।

दस्तक7मिडिया, बिरौल दरभंगा।

बिरौल-शिवनगर घाट स्टेट हाइवे पर अपना ढाबा के समीप अहले सुबह एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणी कसरौर निवासी ललन यादव के 29 वर्षीय पुत्र व शिक्षक रविंद्र यादव के रूप में हुई है। इस दुखद घटना की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को सुबह किसी को कुछ बताये बगैर रविंद्र यादव घर से निकले थे,
घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थाने की पुलिस गश्ती दल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही परिवार के सदस्य और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जहां का मंजर देखकर सभी की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। परिजनों ने बताया कि रविन्द्र यादव सिंघाड़ा प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने रेलवे विभाग की नौकरी को छोड़ कर बीपीएससी परीक्षा पास कर 2024 में शिक्षक बने थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे गांव एवं शिक्षा जगत में शोक का माहौल है।
पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि शव को देखने से ऐसा लगता है कि किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मारी होगी जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।