खगड़िया में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया है. इसी बीच भारी मात्रा में हथियार बनाने वाला सामान भी जब्त हुआ है.

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
खगड़िया:बिहार के खगड़िया जिले में अवैध हथियार का कारोबार लंबे समय से फल-फूल रहा है. ऐसे में जिला पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई भी की जा रही है. इसी क्रम में एसटीएफ टीम और चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस ने सन्हौली मोइन स्थित एक घर में चल रही मिनी गन फैक्ट्री के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की है. साथ ही अर्ध निर्मित हथियार के साथ चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है.

कई जिलों में हथियारों की होती थी तस्करी:एसटीएफ टीम और चित्रगुप्त थाना पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों में से तीन आरोपी मुंगेर जिला निवासी हैं, जबकि एक आरोपी बेगुसराय का रहने वाला है. यह गिरोह कई जिलों में अवैध हथियार की तस्करी करता था.

किराये के मकान में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री
हथियार बनाने वाला सामान बरामद:ये बड़ी कार्रवाई एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर की गई है. इसी बीच लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन मोटर, मोबिल मापने वाली मशीन, ऑयल मशीन, 12 अर्धनिर्मित पिस्तौल का बैरल और 10 पीस 6 सूत वाला एल्वील बरामद किया गया है.

”मौके से 12 अर्धनिर्मित पिस्तौल के साथ-साथ भारी मात्रा में हथियार बनाने वाला सामान बरामद किया गया है. यह मिनीगन फैक्ट्री पूरन यादव निवासी महेशखूंट सन्हौली मोइन स्थित मकान में चल रही थी. गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है”.राकेश कुमार, एसपी

किराये के मकान में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री:एसपी राकेश कुमार ने आगे बताया कि मिनीगन फैक्ट्री चलाने वाले इस गिरोह ने पूरन यादव नाम के व्यक्ति का घर सन्हौली मोइन में किराये पर लिया था, जिससे मकान मालिक पूरन यादव को भी मामले में आरोपी बनाया गया है.