बिहार में महिलाएं शराब तस्करी करने में जुटी हुई हैं. कटिहार में आधा दर्जन महिलाओं को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है.

 

कटिहार:बिहार में पूरी तरह से शराबबंदी है, लेकिन तस्करों द्वारा शराब की तस्करी की जा रही है. इसी क्रम में उत्पाद विभाग ने 6 महिलाओं को अवैध शराब की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है. ये महिला तस्कर अपने शरीर में ब्लैक सेलोटेप से विदेशी शराब की बोतलों को चिपकाए हुई थी.

तस्करी के पश्चिम बंगाल से जुड़े तार:पूरा मामला कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र के लाभा रेलवे स्टेशन का है, जहां उत्पाद विभाग ने पश्चिम बंगाल से ट्रेन के रास्ते शराब को बिहार लाते हुए छह महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है.

शराब की बोतलों को टेप से चिपकाया था:वहीं, जब सभी महिला तस्करों की तलाशी ली गई, तो अधिकारी दंग रह गए, क्योंकि सभी महिला शराब तस्करों ने अपने शरीर पर विदेशी शराब की बोतलों को ब्लैक सेलोटेप से चिपका कर रखा हुआ था.

गहरे रंग की साड़ी से शराब को किया था कवर:सेलोटेप की फिक्सिंग इतनी तगड़ी थी कि पैदल चलने या शरीर के हिलने-डुलने के बाद भी दूर से इसे कोई समझ नहीं सकता था. सभी महिला तस्करों ने शराब को ढकने के लिए ऊपर से गहरे रंग की साड़ी पहनी थी.

”महिला सिपाहियों ने जब सभी महिला तस्करों की तलाशी ली, तो हरिगंज कोरियापट्टी की छह महिलाओं को अवैध शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया. महिला तस्करों के कब्जे से कुल 60 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है”.सुभाष कुमार सिंह, कटिहार उत्पाद अधीक्षक

महिला तस्करों को भेजा गया जेल:कटिहार उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार सिंह ने आगे बताया कि उत्पाद विभाग ने आगे की कार्रवाई करते हुए सभी महिला आरोपियों को मेडिकल टेस्ट के बाद जेल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया किइससे पहले भी उत्पाद विभाग ने दो महिला आरोपियों को शरीर पर सेलोटेप चिपकाकर पश्चिम बंगाल से शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया था.

शराबबंदी को लागू हुए 9 साल पूरे:बिहार में शराबबंदी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के विशेष आग्रह पर अप्रैल 2016 में लागू किया था.जिसके बाद शराब के निर्माण और व्यापार पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी. शराबबंदी को लागू हुए 9 साल पूरे हो चुके है.