सिर में हथौड़ा मारकर व्यक्ति की हत्या कर दी गई। हमला इतना जोरदार था कि व्यक्ति का जबड़ा तक बाहर आ गया था। व्यक्ति रोज की तरह ही पशुबाड़े में सो रहा था, इसी दौरान हमलावरों ने व्यक्ति पर हथौड़े से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
मामला गांव ऊंचा समाना का है। जहां बुधवार की रात हत्या को अंजाम दिया गया। गुरुवार की सुबह जब पशुबाड़े में जाकर देखा तो व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। उसके बेटे विशाल ने सबसे पहले पिता को मृत हालत में देख था। जब वह पशुबाड़े में गया तो पिता का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था, और चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शव को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पत्नी ने आरोप लगाते हुए मधुबन थाना पुलिस को शिकायत दी कि चौरा गांव निवासी 3–4 युवकों ने उसके पति के साथ 6 महीने पहले मारपीट की थी। जिसकी बाद से दोनों के मध्य रंजिश हो गई। रंजिश के चलते कुछ महीनों पहले भी रास्ते में घेरकर हमलावरों ने जानलेवा हमला किया था। जिसमें उसका पति जैसे–तैसे बच गया था।
आरोपियों के खिलाफ पहले भी शिकायत की गई थी लेकिन कोई सुनवाई या कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि हमलावर कुछ दिनों से मृतक के घर के चक्कर काट रहे थे। उन्होंने ही मौका देख कर उसके पति की हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेजा है।
पोस्टमार्टम के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। मौके पर पहुंचकर FSL टीम ने साक्ष्य जुटाए। मामले की कार्रवाई की जा रही है।