झारखंड के साहिबगंज में 5 साल पहले एक प्रेम विवाह हुआ था। युवती का भाई इसके खिलाफ था। उसने इस मामले में बदला लेने की कोशिश की है। युवती के भाई ने प्रेमी के चाचा को गोली मार दी। घायल को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नाढी दियारा निवासी गुड्डू मंडल और कविता की प्रेम कहानी 2021 में शादी में बदल गई थी। यह शादी दोनों परिवारों की सहमति के बिना हुई थी। कविता के भाई टुनटुन मंडल को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। उन्होंने इसका बदला गुड्डू के चाचा सियाराम मंडल से लिया।
युवक ने की न्याय की मांग
घटना उस समय हुई जब सियाराम मजदूरी से लौटकर पड़ोसी अशोक मंडल के घर जा रहे थे। रास्ते में टुनटुन ने उन्हें रोका और पेट में गोली मार दी। घायल सियाराम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
गुड्डू मंडल ने कहा कि उन्होंने स्वेच्छा से शादी की थी। उन्हें नहीं पता था कि इसका बदला उनके चाचा की जान लेकर लिया जाएगा। उन्होंने इस मामले में न्याय की मांग की है।
साहिबगंज मुफस्सिल नाड़ीदियारा थानाध्यक्ष अनुपम प्रकाश ने बताया कि इसकी सूचना हम लोगों को ग्रामीणों से मिली है। लेकिन परिजनों ने इसको लेकर किसी तरह का आवेदन नहीं दिया है। पता चला कि जिसे गोली लगी है, वह सियाराम मंडल है। मजदूरी का काम किया करते हैं, जिनको इलाज करने के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया है। इसको लेकर हम लोग अपराधी की गिरफ्तारी के लिए लगे हुए हैं ।
