किशनगंज पुलिस को मंगलवार देर शाम बड़ी कामयाबी मिली। 10 वर्षों से फरार चल रहे डकैती के आरोपी इनामुल शेख को पुलिस ने धर-दबोचा है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह गिरफ्तारी की कार्रवाई की है।
आरोपी इनामुल शेख को कॉलटैक्स चौक से पकड़ा गया। उसके खिलाफ बिहार और बंगाल, दोनों राज्यों में संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पश्चिम बंगाल का निवासी है डकैत
पकड़ा गया इनामुल शेख पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र के सिलिया गांव का रहने वाला है। किशनगंज सदर थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती कांड संख्या 268/15 में यह पिछले एक दशक से फरार चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी अवर निरीक्षक अंकित सिंह के नेतृत्व में की गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने लंबे समय से इनामुल की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी थी। एसपी सागर कुमार के निर्देश पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इनामुल के खिलाफ पश्चिम बंगाल के ग्वालपोखर थाना में डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत तीन अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
