कटिहार में बरारी विधायक विजय सिंह के आवास के पास मंगलवार की देर शाम गोलीबारी की एक घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर मोहल्ले स्थित शिव मंदिर के पास हुई। फायरिंग में कालू झा(45) नामक व्यक्ति घायल हो गया, जिन्हें गर्दन के पास गोली लगी है।
घायल कालू झा को पहले कटिहार सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कालू झा ने बताया कि वह हरिशंकर नायक के पास से लौट रहे थे, तभी अचानक कुछ लोगों ने उन पर गोली चला दी। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि गोली क्यों चलाई गई और किसने चलाई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी डीएसपी सद्दाम हुसैन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना शिवमंदिर के पास हुई है और फिलहाल मामले की जांच जारी है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने घटनास्थल से कुछ साक्ष्य इकट्ठा किए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।
