किशनगंज के सांसद डॉ मोहम्मद जावेद आजाद ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात की। उन्होंने किशनगंज लोकसभा क्षेत्र में एम्स की एक शाखा खोलने का अनुरोध किया। सांसद ने पत्र में बताया कि किशनगंज लोकसभा क्षेत्र देश के सबसे पिछड़े जिलों में से एक है।
यहां की जनता को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की कमी का सामना करना पड़ता है। सीमांचल क्षेत्र स्वास्थ्य मानकों में राष्ट्रीय औसत से पीछे है। किशनगंज जिला बिहार के ऐसे स्थान पर है जो बंगाल, नेपाल और उत्तर-पूर्व भारत का प्रवेश द्वार है। यहां के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पटना या अन्य बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है। ये शहर लगभग 400 किलोमीटर दूर हैं।
सांसद ने कहा कि बिहार सरकार पहले ही राज्य के अन्य क्षेत्रों में केंद्रीय संस्थाओं की शाखाओं को जमीन दे चुकी है। किशनगंज में भी जमीन उपलब्ध है। स्वास्थ्य मंत्रालय के इच्छुक होने पर जिला प्रशासन के सहयोग से आवश्यक भूमि और संसाधन उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
