मधुबनी जिले के जयनगर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (SI) संतोष कुमार को भू-माफिया और दलालों से साठगांठ के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसडीपीओ जयनगर की अनुशंसा पर पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार द्वारा की गई है।
जयनगर थाना में पदस्थ थे निलंबित एसआई संतोष कुमार
दलालों संग थाना परिसर में देखे गए
एसपी कार्यालय से जारी आदेश संख्या 542 के अनुसार, संतोष कुमार को अनुसंधानकर्ता के रूप में जयनगर थाना में तैनात किया गया था। लेकिन वे अनुसंधान कार्यों में रुचि नहीं ले रहे थे और अक्सर थाना परिसर में दलालों के साथ देखे जाते थे। आम नागरिकों की शिकायतों के आधार पर, उन पर भू-माफिया और बालू माफियाओं से संपर्क रखने और अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त रहने के आरोप लगे हैं।
पुलिस की छवि को नुकसान
एसडीपीओ की रिपोर्ट में कहा गया कि संतोष कुमार का आचरण पुलिस विभाग की गरिमा और अनुशासन के विरुद्ध है। इससे थाने की कार्यशैली प्रभावित हो रही थी और पुलिस की सार्वजनिक छवि भी धूमिल हो रही थी।
तत्काल निलंबन, स्पष्टीकरण तलब
एसपी ने संतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उन्हें सामान्य जीवन भत्ता पर रखा है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, मधुबनी निर्धारित किया गया है। साथ ही, उन्हें पांच दिनों के भीतर अपने खिलाफ लगे आरोपों पर स्पष्टीकरण देने का निर्देश भी दिया गया है।
डीजीपी के निर्देश पर सख्त कार्रवाई
ज्ञात हो कि हाल ही में बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर सख्त निर्देश जारी किए थे और भ्रष्टाचार व अपराध से संबंध रखने वाले कर्मियों पर तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया था। इसी निर्देश के तहत यह कार्रवाई की गई है।
