बिरौल प्रखंड का मुख्य सुपौल बाजार वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहा है,नगर पंचायत बना उदासीन, तपतपाती धूप में लोग हो रहे परेशान।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

जी हां, पूर्व में अफजला पंचायत, जो अब नगर पंचायत बिरौल बन चुका है, वहां के आम लोग कुल मिलाकर लगभग 25 वर्षों से जाम की गंभीर समस्या से त्रस्त हैं। सुपौल बाजार, जो प्रखंड का मुख्य व्यापारिक केंद्र है, संकरी सड़कों और अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम से भरा रहता है। यह स्थिति खासकर व्यस्त समय में और त्योहारों के दौरान और भी विकट हो जाती है, जिससे तपतपाती धूप में


राहगीरों,व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र से बाजार आये लोगों का कहना है कि जाम के कारण उन्हें अपने दैनिक कार्यों में काफी परेशानी होती है। छात्रों को स्कूल से घर पहुंचने में देरी होती है, मरीजों को अस्पताल ले जाना मुश्किल हो जाता है, और व्यापारियों को अपने माल की ढुलाई में दिक्कतें आती हैं। जाम के कारण बाजार में ग्राहकों की संख्या भी कम हो जाती है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान होता है। इस गंभीर समस्या के बावजूद, स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिकारी, इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। वार्ड सदस्य मो.नौशाद ने बताया कि पदाधिकारी से कई बार इस समस्या के समाधान के लिए गुहार लगाई है, लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उदासीनता के कारण उन्हें इतने लंबे समय से इस परेशानी को झेलना पड़ रहा है। चैंबर ऑफ कॉमर्स,और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि वे इस गंभीर समस्या का संज्ञान लें और जल्द से जल्द इसका स्थायी समाधान निकालें। उन्होंने अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है, ताकि उन्हें इस दैनिक परेशानी से मुक्ति मिल सके। देखना यह है कि क्या नगर पंचायत प्रशासन अब जागेगा और आम लोगों की इस पुरानी समस्या का कोई समाधान निकालेगा या फिर यह जाम की समस्या यूं ही बनी रहेगी।