अंचल पुलिस निरीक्षक बिरौल ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश।अंचल पुलिस निरीक्षक बिरौल के कार्यालय में आयोजित अपराध गोष्ठी।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता।

अंचल पुलिस निरीक्षक बिरौल, महफूज आलम की अध्यक्षता में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह बैठक बिरौल स्थित अंचल निरीक्षक कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों के थानाध्यक्षों ने भाग लिया। गोष्ठी में मुख्य रूप से विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई और लंबित नन एस आर कांडों के निष्पादन में तेजी लाने और फरार चल रहे आरोपियों को जल्द गिरफतार करने पर विशेष जोर दिया गया। अंचल पुलिस निरीक्षक महफूज आलम ने उपस्थित थानाध्यक्षों से कहा कि अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और इसके लिए सभी थानों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। अपराध गोष्ठी में घनश्यामपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, जमालपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, कुशेश्वरस्थान से मनोज कुमार, तिलकेश्वर से अंकित कुमार और बड़गांव थाना से एस आई अखिलेश कुमार ने अपने-अपने क्षेत्रों में दर्ज मामलों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। अंचल निरीक्षक ने प्रत्येक थाने में लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की और उन मामलों में आ रही बाधाओं के बारे में जानकारी ली। अंचल पुलिस निरीक्षक मो.आलम ने थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए कि वे पुराने और गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दें और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी लेने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग पर भी ध्यान केंद्रित करने और आम लोगों के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने की आवश्यकता बताई, ताकि अपराध नियंत्रण में उनका सहयोग प्राप्त किया जा सके।