भागलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत विशाल मेगा मार्ट के पीछे स्थित चित्रकूट अपार्टमेंट के बेसमेंट में बुधवार की रात 10 बजे भीषण आग लग गई। बताया जा रहा आग शॉर्ट-सर्किट के कारण लगी है। देखते ही देखते आग ने पास में एक चप्पल दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा बेसमेंट धुएं और आग की लपटों से घिर गया। लाखों रुपए के चप्पल और अन्य सामग्री जल गई। आग की लपटें देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत अग्निशमन विभाग को जानकारी दी।

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की 2 छोटी गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया जा सका है, लेकिन अब भी राहत कार्य जारी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।