मुगल रोड से गजनेर जाने वाले मार्ग पर स्थित एक कोल्डड्रिंक की दुकान में बुधवार सुबह चार बजे के करीब आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास की अन्य दुकानों को चपेट में ले लिया। आग पर काबू पाया जाता तब तक 10 अस्थाई दुकानें जल कर राख हो गईं। दमकल कर्मियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हो गया।

मूसानगर के फत्तेपुर निवासी गुलाम अहमद ने बताया कि उनकी गजनेर रोड चौराहे में गुमटी टट्टर में कोल्ड ड्रिंक, लस्सी की दुकान है। बुधवार सुबह लगभग चार बजे दुकान में आग लगने की जानकारी मिली। जब वह घर से दुकान आए तो लपटें उठ रही थीं, जब तक वह कुछ समझ पाते और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश करते आग ने पास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया। दुकानें जलती देख चौराहा के पास अन्य दुकानदारों में अफरा तफरी मच गई। कई दुकानदार मौके पर पहुंच अपनी दुकानों का सामान हटाने लगे।

वहीं जिन दुकानों में आग लगी थी वह दुकानदार आग बुझाने के साथ अंदर से सामान निकालने की कोशिश करने लगे।

 

जिन्हें लोग रोकते रहे। इधर घटना की जानकारी पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी गई। भोगनीपुर से दमकल कर्मी तीन गाड़ियां लेकर पहुंचे और आग बुझानी शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से ट्टटर, गुमटी में चल रही 10 दुकानें जल कर राख हो गईं। आग बुझने के बाद दुकान का जला सामान देख लोग सिसकियां भरते रहें।
वहीं कई दुकानदार मायूस नजर आए।

 

 

दुकानदारों ने दुकान के ऊपर निकली लाइन व पास में रखे ट्रांसफार्मर से शॉर्ट-सर्किट होने का अनुमान लगाते रहे। थानाध्यक्ष शिवनारायण सिंह ने बताया सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों व फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। लेखपाल राघवेंद्र सिंह ने बताया कि क्षति का आकलन कर रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को भेजी जाएगी। वहीं, जेई प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि आग किन कारणों से लगी अभी कुछ कह पाना संभव नहीं है। फिलहाल शॉर्ट-सर्किट की बात नजर नहीं आ रही है।

सिलिंडर फटने पर दहशत में दिखे दुकानदार
मूसानगर। दुकानों में लगी आग बुझाने के दौरान एक दुकान में सिलिंडर रखे होने की जानकारी दमकल कर्मियों को दी गई। इस पर दमकल कर्मियों ने एक जलता हुआ बड़ा सिलिंडर बाहर निकाला। जिसमें लगी आग बुझाई। इसी बीच एक छोटा सिलिंडर फट गया। जिससे मौके पर अफरा तफरी दिखी और पास मौजूद दुकानदार दहशत में नजर आए।

तीन दमकल गाड़ियों ने तीन घंटे में बुझाई आग
आग लगने की जानकारी पर भोगनीपुर फायर स्टेशन इंचार्ज कपिल चाहर दो छोटी व एक बड़ी दमकल गाड़ी लेकर पहुंचे। दुकानों से उठ रही लपटों पर पानी की बौछार कर तीन घंटे में आग बुझाई। इस बीच दो गाड़ियों का पानी खत्म हो गया। इस पर पानी दोबारा भर कर लाया गया। टीम में हरिओम पचौरी, अरविंद यादव, रामसजीवन, अमित पटेल, योगेंद्र सिंह, विपिन कुमार, लल्ला सिंह आदि
घटनाक्रम…
4: 00 बजे के करीब आग लगी
4ः15 बजे पुलिस पहुंची
4ः15 बजे फायर बिग्रेड भोगनीपुर को सूचना दी
4ः40 बजे फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची
7.35 बजे आग पर काबू पाया गया

दोनों तरफ मुगल रोड पर रोका गया यातायात
मूसानगर। सड़क किनारे बनीं दुकानों में लगी आग और उठती लपटों को देख आस-पास के घरों व दुकानों के लोग परेशान नजर आए। लोगों को आग फैलने का डर सताता रहा। इस बीच मुगल रोड से वाहन गुजर रहे थे। जिन्हें एहतियात के तौर पर रोक दिया गया। इस बीच जब तक सड़क किनारे की आग बुझाई जाती रही, तब तक ट्रक व भारी वाहन दोनों तरफ सड़क किनारे खड़े हो गए। करीब आधे घंटे बाद स्थिति सामान्य होने पर वाहन गुजारे गए।

इनकी दुकान में लगी आग, हुआ नुकसान
1. गुलाम अहमद – कोल्ड ड्रिंक – चार लाख रुपये
2. आफताब – फल विक्रेता – दो लाख रुपये
3. सरताज – फल विक्रेता – दो लाख रुपये
4. अजमेरी – फल विक्रेता – ढाई लाख रुपये
5. संजय – पान पुड़िया – दस हजार रुपये
6. अनीश – नाई की गुमटी – बीस हजार रुपये
7. रफीक – चूूड़ी की गुमटी – तीस हजार रुपये
8. कन्हैया – परचून की गुमटी – एक लाख रुपये
9. गंगाराम – मिठाई की गुमटी – तीस हजार रुपये

10- मुन्नी- कॉस्मेटिक- बीस हजार।