तीन माह से फरार चल रहे शराब तस्कर को पुलिस ने बहेड़ा थाना क्षेत्र से किया गिरफतार।

बिरौल, दरभंगा।

बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल बाजार हाट गाछी के पास तीन महीने पहले एक खड़ी कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामदगी के मामले में फरार चल रहे तस्कर अमर सहनी को बिरौल पुलिस ने धर दबोचा है। यह गिरफ्तारी बहेड़ा थाना के सहयोग से अनटोर गांव में की गई। थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम, जिसमें एसआई केशरी नंदन और एसआई ध्रुव चौधरी शामिल थे, ने गुप्त सूचना के आधार पर अनटोर गांव में छापेमारी की। इस दौरान, अमर सहनी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली। अमर सहनी को गिरफ्तार करने के लिए बिरौल पुलिस ने पहले से जाल बिछा रखी थी। बहेड़ा पुलिस की ओर से सत्यापन कराने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि तीन माह पूर्व सुपौल बाजार के हाट गाछी के निकट डीएल 9 सी आर 8519 नम्बर की एक संदिग्ध खड़ी कार की तलाशी ली गई थी। इस तलाशी में 32 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई थी। इस मामले में अमर सहनी तभी से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।