व्यवस्था . राधा जीविका उत्पाद समूह का नीरा काउंटर का हुआ उद्घाटन, 100 से ज्यादा बीमारियों से होता है बचाव

सदर प्रखंड की रासौंक पंचायत में सोमवार को राधा जीविका उत्पाद समूह द्वारा संचालित नीरा काउंटर का भव्य उद्घाटन हुआ। यह काउंटर जीविका के अधिकार संकुल संघ के अंतर्गत शुरू किया गया है। उद्घाटन डीडीसी अभिषेक पलासिया ने किया। उन्होंने कहा कि नीरा जैसे प्राकृतिक, शुद्ध और पोषणयुक्त पेय का ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य दोनों में बड़ा योगदान है। राधा जीविका समूह की दीदियाँ आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं। सरकार का प्रयास है कि हर पंचायत में इस तरह के नवाचार को बढ़ावा दिया जाए।

 

 

इस मौके पर जिला मद्य निषेध विभाग के सुपरिटेंडेंट, जीविका जिला परियोजना प्रबंधक, प्रबंधक मानव संसाधन, प्रबंधक अधिप्राप्ति और प्रबंधक जीविकोपार्जन भी मौजूद रहे। बताया गया कि राधा जीविका समूह की कुल 40 महिलाएं नीरा उत्पादन के साथ-साथ इससे बने उत्पाद जैसे गुड़ और पेड़ा भी बना रही हैं। ये महिलाएं नीरा के पोषण मूल्य और इसके स्वास्थ्य लाभ के बारे में अन्य महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। इससे न केवल स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि लोगों को शुद्ध पेय भी मिलेगा, जिससे स्वास्थ्य में सुधार होगा।

 

 

नीरा के सेवन से 100 से अधिक बीमारियों से बचाव होता है। यह त्वचा में निखार लाता है और आयु बढ़ाने में सहायक है। अस्थमा, दमा और जोड़ों के दर्द में लाभकारी है। मस्तिष्क विकारों से राहत देता है। थकावट, कमजोरी और सुस्ती में भी फायदेमंद है। यूरिन में जलन और पेट संबंधी समस्याओं में भी इसका उपयोग लाभकारी है। अब यह शुद्ध और ताजा नीरा सिर्फ 15 रुपये प्रति गिलास की कीमत पर जीविका के काउंटर पर उपलब्ध होगा। योजना है कि आने वाले समय में इसे जिले के अन्य पंचायतों में भी शुरू किया जाएगा। इससे ग्रामीण महिलाओं को आय का नया साधन मिलेगा और आमजन को स्वास्थ्यवर्धक पेय।