करनाल के दो अलग अलग गांवों से एक छात्रा और एक महिला संदिग्ध हालातों में लापता हो गई। महिला घर से एटीएम कार्ड और कागजात लेकर निकली। वह पहले भी इस तरह से बिना बताए जा चुकी है, लेकिन बाद में वह लौट आई थी। वही दूसरे मामले में छात्रा पीजी से गायब हुई। छात्रा चंडीगढ़ में पढ़ रही थी। दोनों मामलों में थाना निगदू में पुलिस ने गुमशुदगी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निगदू थाना के एक गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसकी पत्नी 22 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे बिना कुछ बताए घर से निकल गई। जाते समय वह घर से उसका एटीएम कार्ड और अपने कागजात भी साथ ले गई। पत्नी ने मोंगिया रंग का सूट पहने थी, पैरों में चप्पल थी, लंबे बाल हैं, हाथों में चूड़ा पहना हुआ है। उसका रंग सांवला है और कद करीब 5 फीट है।
महिला व छात्रा के लापता होने की शिकायत मिलने पर निगदू थाना में केस दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पति ने बताया कि इससे पहले भी वह एक बार बिना बताए घर से चली गई थी लेकिन कुछ समय बाद खुद ही लौट आई थी। पति ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जांच अधिकारी रीटा ने बताया कि पति की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेटी चंडीगढ़ से हुई लापता, पिता ने दी शिकायत
वहीं दूसरी निगदू गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी चंडीगढ़ के कॉलेज में बीसीए का कोर्स कर रही है। कोर्स जुलाई 2024 में शुरू किया गया था। वह चंडीगढ़ में बस स्टैंड के पास एक पीजी में रह रही थी। 19 अप्रैल से उसका फोन बंद आ रहा है और कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
पिता ने बताया कि उसकी बेटी जींस और टॉप पहनती है। उसकी लंबाई 5 फीट 2 इंच है, रंग गोरा है और शरीर हष्ट-पुष्ट है। सिर के बाल लंबे और काले हैं। जांच अधिकारी गुलजार ने बताया कि छात्रा के लापता होने की शिकायत मिली है। तलाश शुरू कर दी गई है।
