कैमूर में दूल्हा-दुल्हन की कार और सीएनजी ऑटो की टक्कर में व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए है। घटना भभुआ थाना क्षेत्र के रतवार गांव के पास की है। मृतक की पहचान कुछीला थाना क्षेत्र के मुखराव गांव निवासी मनबोध सिंह (45) के रूप में हुई है।
वह भभुआ कचहरी में काम निपटाने आए थे। काम के बाद सीएनजी ऑटो से मोहनिया लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूल्हा-दुल्हन की कार से टक्कर हो गई। घायलों को सदर अस्पताल भभुआ लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
सोशल मीडिया से घटना की हुई जानकारी
ग्रामीण अश्विनी चौबे ने बताया कि घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल फोटो से मिली। उन्होंने कहा कि सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग करेंगे। फिलहाल मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है।
