गौड़ा बौराम में शोक की लहर, पंचायत शिक्षक शंभू कुमार महतो का असामयिक निधन, शिक्षक संघ ने जताया शोक।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

गौड़ा बौराम, (दरभंगा): प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय करकौली के एक कर्तव्यनिष्ठ पंचायत शिक्षक, शंभू कुमार महतो का बीती रात हृदयगति रुक जाने के कारण असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे प्रखंड के शिक्षक परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात अचानक शिक्षक शंभू कुमार महतो की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी बिरौल में भर्ती कराया गया। लेकिन, उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, डीएमसीएच पहुंचने पर जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शंभू कुमार महतो एक मिलनसार और समर्पित शिक्षक के साथ साथ निर्वाचन कोषांग में बीएलओ के रूप में जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन से शिक्षा जगत और उनके पंचायत में गहरा दुख व्याप्त हो गया है। उनके छात्रों और सहकर्मियों के बीच वे हमेशा अपनी कर्तव्यनिष्ठा और स्नेहपूर्ण व्यवहार के लिए याद किए जाएंगे। जैसे ही उनके निधन की सूचना प्रखंड में फैली, शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आशानंद हाजरा और अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, बिरौल तत्काल मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। शंभू कुमार महतो अपने पीछे पत्नी और बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे प्रखंड क्षेत्र में उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है और लोग उनके आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में ही किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक, ग्रामीण और उनके शुभचिंतक शामिल हुए। यह असामयिक निधन गौड़ा बौराम प्रखंड के शिक्षा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शंभू कुमार महतो की कमी हमेशा महसूस की जाएगी।शिक्षक संघ के प्रतिनिधि संजय महतो, सौरभ सिंह, आशुतोष चौधरी, विजय मंडल,विकास मित्र संजीव भारती, जीरो राम, जगपति राम, शिक्षा सेवक कैशियर महतो सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद व हृदयविदारक है, ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।