अररिया में तेज रफ्तार ट्रक ने लकड़ी से लदे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार मजदूर रोशन कुमार राय(25) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर ओवर ब्रिज पर हुई।

रोशन कुमार राय मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले थे। वे वर्तमान में सुपौल के जिवछपुर वार्ड नंबर 4 में अपने ससुराल में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो माह का बेटा है।

लकड़ी व्यवसायी के बेटे को हाथ में चोट लगी है।
लकड़ी की डिलीवरी के लिए जा रहा था अररिया

लकड़ी व्यवसायी तरुण मेहता ने बताया कि उनका बेटा और रोशन लकड़ी की डिलीवरी के लिए अररिया जा रहे थे। मंगलवार तड़के रामपुर ओवर ब्रिज पर ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में तरुण के बेटे को मामूली चोटें आई।

फारबिसगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। थाना अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, अररिया भेजा गया है। परिजनों की शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।