बिरौल में देर रात दर्दनाक सड़क हादसे, दो लोगों की मौत, ग्रामीणों का सड़क जाम, एसडीपीओ के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया।

दस्तक7मिडिया, बिरौल।

बिरौल (दरभंगा), स्थानीय थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव के समीप दरभंगा-कुशेश्वर स्थान एसएच 56 पर रविवार रात अज्ञात वाहन की ठोकर से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। पहली घटना रात करीब 10 बजे घटी। नवटोल गांव निवासी 65 वर्षीय जीतन सहनी, जो चाय की दुकान चलाते थे, अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुशेश्वर स्थान की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खाली कराने की कोशिश में जुट गई। पुलिस कागजी कार्रवाई कर रही थी कि लगभग 11 बजे सूचना मिली कि घटनास्थल से करीब 400 मीटर आगे एक और व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए बिरौल सीएचसी ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुपौल बाजार निवासी इरफान अंसारी के 28 वर्षीय पुत्र मो. रेहान के रूप में हुई। वह फेरी कर कर वापस घर लौट रहा था।इस दूसरी घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा और भड़क गया और उन्होंने मुख्य सड़क को करीब आधे घंटे तक फिर से जाम कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क से जाम को खाली करवाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनके परिजनों को सूचना देने के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पहली घटना में मारे गए जीतन सहनी को किसी नेता के काफिले में चल रही गाड़ी ने टक्कर मारी है। हालांकि, टक्कर मारने वाली गाड़ी किसकी थी, इसकी पुष्टि किसी ने नहीं किया। अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहनों और उनके चालकों की पहचान करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि कोई सुराग मिल सके।