अररिया-फारबिसगंज रेलखंड पर धामा पुल के पास रविवार की सुबह फर्स्ट पैसेंजर ट्रेन से यात्रा कर रहे 14 वर्षीय छात्र की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान रानीगंज प्रखंड के रेहुवा गांव निवासी सुजीत कुमार पासवान के रूप में हुई है।

मृतक के परिजनों ने बताया कि सुजीत आठवीं कक्षा का छात्र था और वह सुपौल जिले के मधुबनी में अपनी नानी के घर जा रहा था। तभी धामा पुल के पास अचानक वह ट्रेन से नीचे गिर गया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही अररिया आरएस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

रविवार को शव का पोस्टमार्टम अररिया सदर अस्पताल में किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सुजीत के चचेरे भाई ने बताया कि वह पढ़ाई में होनहार और परिवार का लाडला था। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से इस रेलखंड पर सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष अजीत कुमार चौधरी ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज किया जा रहा है।