बक्सर में डुमरांव नगर के मेन रोड स्थित लालगंज कड़वी के पास रविवार को एक सड़क हादसा हुआ। डुमरांव रेलवे स्टेशन से बाजार की ओर जा रही ऑटो ने जाम में खड़ी पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी।
पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार ऑटो बेकाबू होकर पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑटो चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ। हादसे में घायल चालक को स्थानीय लोगों ने डुमरांव अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति सही है, लेकिन उसे कुछ समय तक निगरानी में रखा जाएगा।
सड़क हादसे का वीडियो सामने आया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव थाना अध्यक्ष शंभू कुमार भगत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित सीसीटीवी फुटेज को भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया से यह मामला चालक की लापरवाही का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी हादसे की सूचना तुरंत दें और बिना लाइसेंस या नींद की हालत में वाहन ना चलाएं। फिलहाल इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
