बिहार के अरवल में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां मां के साथ अस्पताल जा रहे दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई है. वहीं, मां की हालत नाजुक बनी हुई है.
बिहार के अरवल जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना हुआ है, जिसमें 2 सगे भाईयों की दर्दनाक मौत हो गई है. यह घटना बेलसार के समीप हुई है. जहां सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 139 पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इसमें सोहसा गांव के दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई और घटना में उनकी मां अर्चना कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसा उस समय हुआ, जब 17 वर्षीय संतोष कुमार अपने छोटे भाई छोटू कुमार को इलाज के लिए मां के साथ अरवल जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक, संतोष ने हाल ही में दसवीं की परीक्षा पास की थी. वह भाई के इलाज के लिए सुबह गांव से निकले थे. दोनों भाई अपनी मां के साथ जा रहे थे तभी ये घटना हुई. हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची मेहंदिया थाने की पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. वहीं, घायल अर्चना कुमारी को पहले कलेर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां उनकी स्थिति बिगड़ती हुई देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. वहां से पटना एम्स भेजा गया. उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. बता दें कि अर्चना आशा वर्कर के रूप में काम करती थी.
