भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र के हरिदासपुर गांव में जमीन विवाद की पंचायती के दौरान शनिवार को मुखिया पति सचितानंद शर्मा पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल मुखिया पति को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

दरअसल, गोसाईदासपुर पंचायत के हरिदासपुर गांव में दो गोतिया के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर शनिवार को मुखिया पति सचितानंद शर्मा ने दोनों पक्षों को बुलाकर पंचायती का आयोजन किया था। पंचायती के दौरान ही एक पक्ष के सतीश पोद्दार और उसके परिजनों ने पहले मुखिया पति की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंका और फिर उसके बाद लाठी-डंडे से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। ग्रामीणों की मदद से आरोपियों के चंगुल से मुखिया पति को किसी तरह बचाया गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

नाथनगर थाने के बाहर जुटे मुखिया के समर्थक।
नाथनगर थाने पहुंचे सैकड़ों मुखिया समर्थक

पीड़ित सचितानंद शर्मा ने बताया कि उनकी मां के निधन के बावजूद भी उन्होंने गांव के विवाद सुलझाने के लिए पंचायती बुलाई थी, लेकिन एक पक्ष ने सुनियोजित तरीके से उन पर हमला कर दिया। घटना के विरोध में मुखिया पति के सैकड़ों समर्थक नाथनगर थाना पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इधर, पुलिस ने बताया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा