कुशेश्वरस्थान मंदिर से जल निकासी के लिए नालों की सफाई युद्ध स्तर पर जारी।
सफाई किये जा रहे नालों में कूड़ा-कचरा न डालें, जिससे जल निकासी में बाधा उत्पन्न हो। श्रद्धालुओं के हितों को ध्यान में रखना सभी कुशेश्वरस्थान निवासियों की भी जिम्मेदारी है– उमेश कुमार भारती।
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
कुशेश्वरस्थान (दरभंगा), प्रसिद्ध कुशेश्वरस्थान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों से जल निकासी को सुगम बनाने के लिए नालों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान के कार्यपालक पदाधिकारी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। उमेश कुमार भारती अनुमंडल पदाधिकारी, बिरौल के निर्देशानुसार, मंदिर क्षेत्र में जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए यह कार्रवाई लगातार की जा रही है।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री भारती ने बताया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है। नालों की सफाई को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि बारिश के मौसम में भी जल निकासी सुचारू रूप से बनी रहे। उन्होंने स्थानीय निवासियों से भी अपील की है कि वे नालों में कूड़ा-कचरा न डालें, जिससे जल निकासी में बाधा उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के हितों को ध्यान में रखना सभी कुशेश्वरस्थान निवासियों की भी जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि कुशेश्वरस्थान मंदिर, जो बिहार के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां साल भर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, और सावन के महीने में विशेष रूप से भारी संख्या में भक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है।
प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कदम से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी और मंदिर की स्वच्छता भी बनी रहेगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है। उम्मीद है कि इस युद्ध स्तर की सफाई अभियान से कुशेश्वरस्थान मंदिर क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
