मेगा शिविर का आयोजन,श्रम विभाग की और से दी गई योजनाओं की जानकारी
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
दरभंगा जिला के बिरौल प्रखंड के पंचायत सरकार भवन,बिरौल में श्रम संसाधन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार हेतु मेगा शिविर का आयोजन किया गया।
उक्त शिविर में गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक स्वर्णा सिंह,उप श्रमायुक्त,दरभंगा प्रमण्डल राकेश रंजन,किशोर कुमार झा श्रम अधीक्षक अधिनियम दरभंगा, नवचन्द्र प्रकाश श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी बिरौल,शुभम श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी,कुशेश्वरस्थान उपस्थित हुए।
मेगा शिविर में जनप्रतिनिधि के रूप में बिरौल पंचायत के मुखिया संजय पासवान,सुरज शर्मा,वार्ड सदस्य एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बिरौल पंचायत के लगभग 150 श्रमिक उपस्थित थे।
राकेश रंजन उप श्रमायुक्त,दरभंगा प्रमण्डल,दरभंगा द्वारा श्रम विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि श्रम संसाधन विभाग द्वारा एक माह पूर्व ही बिहार प्रवासी कामगारों (वैसे कामगार जो बिहार से बाहर कार्य करते है) के निबंधन हेतु एक एप्प लॉच किया गया है,जिसके विषय मे विस्तृत जानकारी दी गयी।
साथ ही वैसे कामगार जो बिहार से बाहर कार्य करने जाते हैं,वे बाहर जाने से पूर्व विहित प्रपत्र मे माननीय मुखिया के द्वारा बिहार सरकार भवन अथवा प्रखंड श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी के पास जमा करेगें ताकि उनका प्रवासी एप्प पर निबंधन किया जा सकें।
उप श्रमायुक्त द्वारा यह भी बताया गया कि विगत एक माह में पूरे बिहार मे 157324 प्रवासी श्रमिकों का निबंधन कराया गया है,जिसमें सर्वाधिक दरभंगा जिला अंतर्गत कुल 13163 प्रवासी श्रमिकों का निबंधन कराया जा चुका है,किन्तु अभी भी कई प्रवासी श्रमिकों का निबंधन कराया जाना शेष है,जिस हेतु शिविर मे उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कामगारों को जानकारी दी गयी।
*असंगठित कार्य क्षेत्रों मे कार्य करने वाले श्रमिकों के लिये श्रम संसाधन विभाग द्वारा बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत किसी कामगार की मृत्यु हो जाने पर मृत्यु की तिथि से दो वर्ष के अंदर आवेदन विहित प्रपत्र मे भरकर सभी वांछित कागजातों के साथ संबंधित प्रखंड के श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी के पास जमा करेगें ताकि उन्हें ससमय विभाग द्वारा लाभान्वित किया जा सके।*
*उप श्रमायुक्त द्वारा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के विवाह अनुदान योजना,साईकिल क्रय योजना,मृत्यु लाभ योजना,मातृत्व योजना,पितृत्व योजना एवं अन्य योजनाओ के संबंध मेें विस्तृत जानकारी दी गयी।*
*माननीय विधायक द्वारा भी उपस्थित लोगो से आह्वान किया गया कि वे अधिक से अधिक से संख्या में निबंधन बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत करवायें।*
माननीय विधायक द्वारा श्रम संसाधन विभाग की प्रशंसा करते हुए बताया गया कि राकेश रंजन उप श्रमायुक्त, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा के नेतृत्व मे दरभंगा मे श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओ का लाभ अधिक से अधिक श्रमिकों तक पहूॅच रहा है। साथ ही महिला कामगारों को प्रोत्साहित करते हुए श्रम संसाधन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।
