शिकायतकर्ता ने घर आकर दरवाजा पीटने और दबाव डालने का लगाया आरोप

रेडिएंट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन मिसबाउद्दीन पर गंभीर आरोप लगे हैं। हलीम चौक निवासी सईदुर रहमान ने सदर थाना में आवेदन देकर कहा कि मिसबाउद्दीन ने उनसे 30 लाख रुपए ठगे। जानलेवा हमला भी करा चुका है। इस मामले में किशनगंज थाना में कांड संख्या 196/23 दर्ज है और कोर्ट में केस चल रहा है। सईदुर रहमान ने आरोप लगाया कि गुरुवार को उनके घर वार्ड 21 के मुखिया रबिउल हक, अधिवक्ता मुजीबुर रहमान, अफजल हुसैन, उताउर मिस्त्री और कई अज्ञात लोग पहुंचे।

 

दरवाजा खोलने को कहा। पूछने पर बोले कि मिसबाउद्दीन के केस के सिलसिले में बात करनी है। सईदुर ने कहा कि मामला कोर्ट में चल रहा है, इसलिए वे इसपर कोई बात नहीं करेंगे। आरोप है कि इसके बाद वे लोग उग्र हो गए और दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। जोर-जोर से दरवाजा पीटने लगे। सईदुर ने बताया कि जब उसने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो सभी लोग भाग गए।

सईदुर ने बताया कि केस की गवाही के दौरान भी कोर्ट परिसर में मिसबाउद्दीन के भतीजे ने मारपीट की थी। इसकी शिकायत अदालत में दर्ज है। पहले भी मिसबाउद्दीन के कहने पर राजू अख्तर, आलम, शहीदुल्लाह और अन्य लोग घर में घुसकर मारपीट कर चुके हैं। उस समय भी थाने में आवेदन दिया गया था। अब फिर से मिसबाउद्दीन अपने लोगों को भेजकर केस उठाने का दबाव बना रहा है।

दूसरी ओर, मिसबाउद्दीन ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि मामला रुपए या ठगी का नहीं है। सईदुर रहमान का अंजुमन इस्लामिया में पत्नी से तलाक का केस चल रहा है। उसी में हाजिर होने के लिए नोटिस भेजा गया था। वह हाजिर नहीं हुआ। इसी सिलसिले में गवाह उससे पूछने गए थे, जबकि सईदुर ने कहा कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला। मिसबाउद्दीन झूठ बोल रहा है। सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है।