दरभंगा: फेकला थाना क्षेत्र के हरपट्टी गांव में अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक एक मकान को तोड़ते हुए अंदर घुस गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के ड्राइवर की मौत मौके पर ही हो गई। घर के बरामदा पर सोए तीन व्यक्ति बाल-बाल बच गए, लेकिन मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का ड्राइवर ट्रक में ही फंसा रह गया। जिस वजह से उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बहादुरपुर थाना और फेकला थाना को सूचना दी, लेकिन काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जब तक जेसीबी मंगवा कर फंसे हुए ट्रक ड्राइवर को अंदर से बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गांव के ही मदन चौधरी ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक अचानक से आकर उनके घर में घुस गया। टक्कर के बाद जोरदार धमाका होने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। ट्रक के अंदर फंसे चालक को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन उसे निकाला नहीं जा सका। देर से पहुंची पुलिस ने जेसीबी मंगवा कर फंसे ड्राइवर को निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ट्रक ड्राइवर की पहचान मुजफ्फरपुर जिला के कटरा थाना क्षेत्र के सिंहवारी गांव के रहने वाले राजेंद्र साह के पुत्र बलराम साह के रूप में हुई है। फेकला थानाध्यक्ष मोती कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक को जप्त कर लिया गया है। वहीं उन्होंने कहा कि मृतक के परिजन के द्वारा आवेदन दिया जाता है, तो आगे की कारवाई की जाएगी।
