कमतौल थाना क्षेत्र के ततैला चौर स्थित तालाब से 13 साल के बच्चे का शव मिला। मृतक की पहचान अंश कुमार के रूप में हुई। वह 30 मार्च को जेएम हाई स्कूल में खेलने गया था। शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की। कोई सुराग नहीं मिला तो कमतौल थाना में शिकायत दी गई। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
तीन दिन बाद मंगलवार दोपहर तालाब में शव मिला। सूचना के बाद परिजन पहुंचे। शव की पहचान की। शरीर पर चोट के कई निशान मिले। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। लेकिन पुलिस तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। इससे लोग भड़क गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने कमतौल-दरभंगा स्टेट हाईवे जाम कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
मृतक के चाचा ने बताया कि अंश 30 मार्च की शाम साइकिल से खेलने गया था। देर रात तक नहीं लौटा। खुद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने कोई मदद नहीं की। तीसरे दिन तालाब से शव मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही कमतौल और सिंहवाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया। सदर डीएसपी 2 ज्योति कुमारी ने बताया कि जांच जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
