दरभंगा की तेजतर्रार IPS काम्या मिश्रा का इस्तीफा: शिक्षित समाज में निराशा,उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और पेशेवर दक्षता को देखते हुए, उनका इस्तीफा कई लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति,फिर से चर्चा में आई आईपीएस काम्या।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिहार के तेजतर्रार और ईमानदार आईपीएस अधिकारियों में दरभंगा जिला की तत्कालीन ग्रामीण एसपी काम्या मिश्रा की गिनती अगले पायदान पर होती थी। अपनी कार्यशैली और अपराध नियंत्रण के प्रति सख्त रवैये के कारण उन्होंने आम जनता और खासकर शिक्षित वर्ग के बीच एक अलग पहचान बनाई थी। हालांकि, हाल ही में उनके द्वारा अचानक पद से इस्तीफा देने की खबर ने सभी को चौंका दिया है। अगस्त 2024 में काम्या मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से ही वे लंबी छुट्टियों पर थीं। केंद्र सरकार द्वारा उनके इस्तीफे को मंजूरी दिए जाने के बाद यह खबर सार्वजनिक हुई है। 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा ने अपेक्षाकृत कम उम्र में ही यह प्रतिष्ठित पद छोड़कर सबको हैरान कर दिया है।
ग्रामीण एसपी के तौर पर उनके कार्यकाल में दरभंगा में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को बनाए रखने में उनकी सक्रिय भूमिका देखी गई थी। उन्होंने कई जटिल मामलों का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया था, जिससे आम लोगों में सुरक्षा की भावना बलवती हुई थी। उनकी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की चर्चा पुलिस महकमे के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी खूब होती थी। ऐसे में, एक युवा और ऊर्जावान अधिकारी का इस तरह अचानक इस्तीफा देना शिक्षित समाज के लोगों को निराश कर गया है। लोग उनके इस फैसले के पीछे के कारणों को जानने के लिए उत्सुक हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर उनके इस्तीफे का कारण पारिवारिक बताया गया है। बताया जाता है कि वे अपने पिता के व्यवसाय को संभालने के लिए यह कदम उठायी है। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और पेशेवर दक्षता को देखते हुए, उनका इस्तीफा कई लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है।यह घटना ऐसे समय में हुई है जब बिहार में सुशासन और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है। काम्या मिश्रा जैसे ईमानदार और कर्मठ अधिकारियों का इस तरह सेवा छोड़ देना निश्चित रूप से एक चिंता का विषय है। शिक्षित समाज उम्मीद कर रहा था कि वे लंबे समय तक अपनी सेवाएं देकर राज्य के पुलिस महकमे को नई दिशा देंगी।फिलहाल, काम्या मिश्रा के भविष्य की योजनाओं के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। लेकिन उनके इस्तीफे से दरभंगा के लोगों के साथ-साथ पूरे बिहार के शिक्षित समाज में एक रिक्तता जरूर महसूस हो रही है। यह देखना दिलचस्प होगा कि भविष्य में वे किस क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और अनुभव का उपयोग करती हैं।