रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा विसर्जन शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु अनुमंडल स्तरीय सामान्य और पुलिस प्रशासन की हुई संयुक्त बैठक। प्रशासनिक आदेश का अवहेलना करने पर होगी कार्रवाई।

जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। आदेश का अवहेलना करने पर डीजे जब्त करें, इसके अतिरिक्त,जुलूस में किसी भी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन या ले जाना वर्जित रहेगा– उमेश कुमार भारती।

सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा असामाजिक तत्वों और अफवाह फ़ैलाने वाले लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें वॉण्ड ऑन करेंगे,पूजा समितियों और जुलूस आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित करने और उन्हें प्रशासन के नियमों और निर्देशों से अवगत कराएं–मनीष चन्द्र चौधरी।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

­

अनुमंडल कार्यालय बिरौल में मंगलवार को सामान्य और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक हुई।
अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार भारती और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष चन्द्र चौधरी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का मुख्य उदेश्य आगामी रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा के विसर्जन को क्षेत्र में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना था। बैठक में अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों के सीओ, बीडीओ के अलावा सभी थाना के थानाध्यक्ष उपस्थित थे।अनुमंडल पदाधिकारी श्री भारती ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह होली और ईद शांति पूर्ण संपन्न कराने में सफल रहे, ठीक उसी तरह रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा दोनों ही महत्वपूर्ण धार्मिक त्योहार हैं, इसे शांतिपूर्वक संपन्न होना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इस दौरान आयोजित होने वाले जुलूसों के संबंध में विशेष निर्देश दिए।अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। उन्होंने इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जुलूस में किसी भी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन या ले जाना वर्जित रहेगा। वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री चौधरी ने बैठक में उपस्थित सभी थानाध्यक्षों को संबोधित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें और त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों और असामाजिक तत्वो पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिए। एसडीपीओ श्री चौधरी ने थानाध्यक्षों को यह भी निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के पूजा समितियों और जुलूस आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित करें और उन्हें प्रशासन के नियमों और निर्देशों से अवगत कराएं। अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दोनों ने ही आम जनता से भी अपील की है कि वे त्योहारों को शांति और सद्भाव के साथ मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।