डीआईजी ने अनुसंधानकर्त्ताओं व एससी-एसटी एक्ट कांडों की समीक्षा की

पुलिस उप महानिरीक्षक बेगूसराय क्षेत्र आशीष भारती द्वारा खगड़िया जिला के अनुसंधानकर्त्ताओं के साथ एससी-एसटी एक्ट के कांडों की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में अनुसंधान में लापरवाही बरतने के आरोप में मोरकाही थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रामकुमार पासवान एससी-एसटी थाना खगड़िया की पुलिस अवर निरीक्षक खुशबू कुमारी को एक-एक निंदन की सजा देने का निर्देश दिया गया है।

 

नगर थाना खगड़िया के पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार मंडल तथा महेशखूंट थाना की पुलिस अवर निरीक्षक सावित्री कुमारी के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया गया है। पौरा थाना का एक हत्या कांड की भी समीक्षा की गई। कांड में लापरवाही बरतने के आरोप में पौरा थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक सुमित कुमार के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया गया है। समीक्षा में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खगड़िया जिला के पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर 1 एवं सदर 2 तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोगरी शामिल हुए।