ईद, रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा शांतिपूर्वक संपन्न कराने हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित,जुलूस में किसी भी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन और डीजे पूर्णतः रहेगा वर्जित।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल (दरभंगा)। शनिवार को स्थानीय थाना परिसर में आगामी ईद, रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार भारती ने की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी त्योहारों के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखना था। एसडीओ उमेश कुमार भारती ने ईद के नमाज के समय और स्थान,रामनवमी के जुलूस के मार्ग और व्यवस्था, तथा चैती दुर्गा पूजा के आयोजन संबंधी विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की।रामनवमी जुलूस के संबंध में एसडीओ ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि जुलूस में किसी भी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन पूर्णतः वर्जित रहेगा। उन्होंने सभी पूजा समितियों के सदस्यों को इस नियम का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रामनवमी का जुलूस निकालने के लिए प्रशासनिक आदेश रूट चार्ट के साथ प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना प्रशासनिक अनुमति के कोई भी जुलूस आयोजित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से अपील की कि वे जुलूस के लिए समय रहते आवेदन करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।एसडीओ उमेश कुमार भारती ने सभी समुदाय के लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने निर्धारित मार्ग का उलंघन की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भी अपने-अपने विचार और सुझाव रखे। उन्होंने प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और विश्वास जताया कि आगामी त्योहार शांति और सद्भाव के साथ संपन्न होंगे। मौके पर थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह, बीडीओ प्रदीप कुमार झा, सीओ आदित्य शंकर,के अलावा मुख्य पार्षद विनोद सहनी, शत्रुघ्न सहनी, मुखिया मो.काशीफ, कमरे आलम, चौधरी सहनी, वार्ड सदस्य मो.नौशाद, हरी सहनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवकांत सहनी,विष्णु सहनी, जितेंद्र सिंह, प्रदीप यादव,राजेश यादव, रमेश प्रसाद निराला सहित कई लोगों उपस्थित थे।