बिहार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने मधेपुरा के चौसा प्रखंड में कोसी नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। सात किलोमीटर लंबे इस पुल का निर्माण बिहपुर-वीरपुर एनएच-106 का हिस्सा है। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव, पंचायती राज विभाग के सचिव, कमिश्नर राजेश कुमार, डीएम तरनजोत सिंह और एसपी संदीप सिंह मौजूद थे।
मुख्य सचिव ने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से चर्चा की और काम की प्रगति का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने बताया कि बिहपुर-वीरपुर एनएच-106 का अधिकतर काम पूरा हो चुका है। बिहपुर से उदाकिशुनगंज तक सड़क निर्माण जारी है। इसी हिस्से में सात किलोमीटर लंबा पुल बन रहा है। इसी का निरीक्षण करने के लिए आज यहां आए थे। काम तेज गति से और गुणवत्ता के साथ हो रहा है। राज्य सरकार की ओर से जमीन अधिग्रहण, मिट्टी और अन्य जरूरी सहयोग पहले ही दिया जा चुका है। निर्माण एजेंसी बेहतर तरीके से काम कर रही है।
परियोजना मई 2026 तक होनी चाहिए पूरी एमओआरपीएच के अनुसार यह परियोजना मई 2026 तक पूरी होनी चाहिए। हालांकि, एजेंसी ने कुछ और समय की मांग की है। इस पर विचार किया जा रहा है। पुल से उदाकिशुनगंज तक 15 किलोमीटर लंबी सड़क अगले चार महीने में बनकर तैयार हो जाएगी।
इस पुल और सड़क के बन जाने से मधेपुरा और कोसी क्षेत्र की भागलपुर, बेगूसराय और पटना से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। मक्का उत्पादन को भी नया बाजार मिलेगा। निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने अधिकारियों के बैठक की और सभी लंबित कार्यों को चुनाव से पहले पूरा करने का निर्देश दिया।
