कोर्ट में आरोपियों को दबोचा
इसकी जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाने के इंचार्ज एसएचओ श्रीभगवान ने बताया उन्हें शिकायत मिली थी कि करनाल कोर्ट में फर्जी आईडी के जरिए जमानत ली जा रही है। उन्होंने बताया कि बीते गुरुवार को गुप्त सूचना मिली थी कुछ लोग कोर्ट में फर्जी जमानत के लिए आए हैं। ऐसे में कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दो आरोपियों को दबोच लिया। इनकी पहचान बजीदा रोडान निवासी धर्मपाल और पिंगली गांव निवासी गुलाब सिंह के रूप में हुई है। थाना इंचार्ज ने बताया कि दोनों आरोपी आर्म्स एक्ट के तहत जेल में बंद मनदीप उर्फ काला को जमानत दिलाने के लिए आए थे।
इस तरह कराते थे फर्जी जमानत
पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी जेल में बंद लोगों को फर्जी जमानत दिलाने के लिए फर्जी आधार कार्ड और जमीन की जाली जमाबंदी बनाकर लाते थे। इन डॉक्यूमेंट्स की मदद से वे दूसरे आरोपियों की जमानत करवाते थे। इसके लिए 1 से 3 हजार रुपए तक लेते थे। जानकारी के मुताबिक, ये दोनों खुद से ही जाली डॉक्यूमेंट तैयार करते थे। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। इन आरोपियों के पीछे कोई बड़ा गिरोह भी हो सकता है। इसके खुलासा करने के लिए पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
