किशनगंज में बुधवार को तीन दिन से लापता महिला का शव मिला है। उसकी बॉडी मक्के के खेत में गड्ढे से बरामद हुई है। जानकारी के मुताबिक, खेत के मालिक ने जमीन से बाहर निकले महिला के बाल को देखा, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में उसके शव को जमीन से बाहर निकाला गया।

शव को निकालने के लिए 3 फीट का गड्‌ढा खोदना पड़ा। डेड बॉडी को सिलेंडर शेप में दफनाया गया था। महिला के पैर को सीने से चिपकाकर रस्सी से बांधा गया था।

जमीन से जब शव को बाहर निकाला गया, बॉडी का आधा हिस्सा गल चुका था। फिलहाल पुलिस ने उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृत महिला की पहचान मोहम्मदपुर वार्ड संख्या 5 सुरजापुर निवासी नूरी बेगम (21) के रूप में हुई है। घटना सदर प्रखंड स्थित पिछला पंचायत के मोहम्मदपुर की है।

मृतका के पिता ने फखरुद्दीन आलम ने ससुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पिता का आरोप है, ‘ससुराल वाले नूरी के साथ मारपीट करते थे। हत्या के बाद 24 मार्च को ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि आपकी बेटी घर छोड़कर भाग गई है।

इसी गड्ढे में महिला की लाश पड़ी थी। जमीन से बाल बाहर दिख रहा था जिसके बाद कुदाल से गड्ढा खोदकर महिला का शव बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों ने महिला के पैर खींचकर शव को गड्ढे से बाहर निकाला।
शव निकालने के बाद महिला के बॉडी का आधा हिस्सा गल चुका था। चेहरा सूजा हुआ था।

घास काटने निकली थी, फिर नहीं लौटी

मृतका के पिता फखरुद्दीन आलम ने बताया, ‘नूरी की शादी 3 साल पहले सुरजापुर निवासी मोहम्मद (25) से हुई थी। 23 मार्च को नूरी घास काटने खेत गई थी, फिर वापस नहीं लौटी। इसके बाद मैं अपने घर पश्चिम बंगाल के चाकुलिया थाना क्षेत्र के मिर्जातपुर से सुरजापुर पहुंचा। सदर थाने में बेटी की गुमशूदगी का आवेदन दिया। आज सुबह पुलिस ने मक्के के खेत से शव मिलने की सूचना दी।’

पिता के मुताबिक, नूरी का पति मोहम्मद(25) पिछले 6 महीने से ओडिशा के कारखाने में काम करता है। उसकी एक साल की एक बेटी भी है।​ पति की गैरमौजूदगी में ही ससुराल वाले अक्सर मेरी बेटी के साथ मारपीट करते थे।’ फखरुद्दीन आलम का कहना है, ‘नूरी की ननद रजा और ससुर तसलीमा ने उसकी हत्या की है।

फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही मृतका का पति मोहम्मद ओडिशा से किशनगंज के लिए रवाना हो गया हैं।

 

मृत महिला नूरी बेगम 23 मार्च को घास काटने निकली थी। तब से वो लापता थी।
सास गिरफ्तार, ससुर-ननद फरार

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। मक्के के खेत में कुदाल से गड्ढा खोदकर मिट्टी से शव को बाहर निकाला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।

अंचलाधिकारी राहुल कुमार ने बताया, ‘मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा होगा।’

वहीं, SDPO गौतम कुमार ने बताया-

‘पिता ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट टाउन थाना में दर्ज करवाई थी। आज सुबह मक्के के खेत से महिला का शव बरामद हुआ है। पिता के आवेदन के आधार पर मृतका की सास जुमेरा खातून (55) को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है। ससुर और ननद फिलहाल फरार है, पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।